भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफ.एस.एस.ए.आई. ने फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड पर प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन करने के लिए फल व्यापारियों और फल पकाने वाले लोगों को सचेत किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एफ.एस.एस.ए.आई. ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा विभागों को भी सतर्क रहने और ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई करने की सलाह दी है।
प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड, एसिटिलीन गैस छोड़ती है जिसमें आर्सेनिक और फास्फोरस के हानिकारक अंश होते हैं। इससे चक्कर आना, बार-बार प्यास लगना, जलन, कमजोरी, निगलने में कठिनाई, उल्टी और त्वचा के अल्सर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं।
एफ.एस.एस.ए.आई. ने देश में फलों को पकाने के लिए सुरक्षित विकल्प के रूप में एथिलीन गैस के उपयोग की अनुमति दी है।