एक राष्ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों को सदन ने समीक्षा के लिए संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजने का प्रस्ताव पारित किया है। गौरतलब है कि केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान 129वां संशोधन विधेयक-2024 और केन्द्रशासित प्रदेश विधि संशोधन विधेयक-2024 कल सदन के पटल पर रखे। विधेयक सदन में पेश करने के बाद मत विभाजन की मांग हुई जिस में 2 सौ उन्हत्तर सदस्यों ने विधेयक पेश किए जाने के पक्ष में और 1 सौ अंठानबे सदस्यों ने इसके विरोध में मत किया।
विपक्षी दलों ने विधेयक पेश करने का विरोध किया और इसे संविधान के बुनियादी ढांचे पर प्रहार बताया। श्री मेघवाल ने विपक्षी दलों के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि ये विधेयक संविधान की मूल संरचना के खिलाफ नहीं है। इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने एक राष्ट्र एक चुनाव विधेयक का स्वागत किया है।