मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 11, 2025 10:21 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसूत्र सत्र आज से शुरू

प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। ग्यारह से 16 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में सबसे अहम चर्चा विजन डॉक्यूमेंट-2047 पर होगी। यह चर्चा 13 अगस्त 14 अगस्त तक 24 घंटे लगातार चलेगी। इस दौरान सभी मंत्री अपने-अपने विभागों का विजन डॉक्यूमेंट पेश करेंगे, जिसे नागरिकों के सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बार का मानसून सत्र विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें सरकार अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना को सदन के पटल पर रखेगी। 
                  लगातार चौबीस घंटे तक उत्तर प्रदेश विधानमंडल में इसपे चर्चा होनी हैऔर चर्चा के बाद सरकार के द्वारा कैसे इस विजन डॉक्यूमेंट को नीति आयोग के मार्गदर्शन में इसको लेकर के विस्तृत कार्य योजना की घोषणा भी हम लोग सदन में करेंगे और आगामी पच्चीस वर्ष की कार्ययोजना को लेकर के सरकार अपने विजन को सदन के पटल पर रखेगी और उस कार्यक्रम को एक समय सीमा के अंदर तैयार करते हुए विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश के इस संकल्प को आगे बढ़ाने की चर्चा का केन्द्र बिन्दु हमारा सदन बनेगा।
                     विधानसभा की कार्रवाई शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने गोरखपुर के विरासत कॉरिडोर निर्माण से व्यापारियों में असंतोष का मुद्दा उठाया।
                   उन्होंने कहा कि सपा के प्रतिनिधिमंडल को विरासत कॉरिडोर में जाने से रोका गया। इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर सपा सदस्यों ने वेल में आकर हंगामा किया।
                जवाब में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की राजनीति को नकारात्मक और विकास विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार सुनिश्चित करेगी कि विकास कार्यों के दौरान किसी का नुकसान न हो। 
                 आपके तीन दिन पहले मैं स्वयं उस विरासत गलियारे का दौरा किया था। मैं एक एक व्यापारी से बात किया था। वो गोरखपुर के सबसे प्राचीन मंडी है और सबसे पुराना बाजार है। लेकिन कंजेशन होने के नाते अवैध कब्जा होने के नाते वहां पर उस कंजेशन को दूर करके आज सड़क बनाई जा रही है। अपने समय में विकास का आपका कोई एजेंडा नहीं था। अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास कराना चाहती है तो आपको इसमें भी बुरा लगता है। उस मार्ग को बनाने के लिए और एक एक व्यक्ति एक एक व्यापारी को कम्पन्सेशन देने के बाद तीन दिन पहले मैंने स्वयं उस क्षेत्र का दौरा करने की बात की थी।
                  विधान परिषद में भाजपा सदस्य विजय बहादुर समेत कई अन्य सदस्यों ने आज भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांश शुक्ला और उनकी टीम के सदस्यों को अंतरिक्ष स्टेशन पर सफलतापूर्वक मिशन पूरा कर लौटने पर बधाई दी।
                    वहीं समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने प्रदेश में बेसिक शिक्षा के गिरते हुए स्तर के संबंध में सूचना दी और अपने विचार सदन में रखे। इस विषय पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि विपक्ष के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों की शिक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है औऱ बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ डिजिटल शिक्षा को भी बढ़ावा दे रही है। सरकार के उत्तर से असंतुष्ट सपा के सभी सदस्यों ने सदन से वॉक आउट किया।