प्रदेश के अधिकांश हिस्सों विशेषकर पश्चिमी जिलों में बारिश का सिलसिला दो दिनों से जारी है। कल शाम तक 24 घंटों में सर्वाधिक 141 मिलीमीटर बारिश झांसी में दर्ज की गई है। इसके अलावा इटावा में 122 मिलीमीटर और बुलंदशहर में 110 मिलीमीटर बारिश रिकाॅर्ड की गई है। कुछ जिलों में हुयी भारी बारिश के चलते जनहानि भी हुई है। मुरादाबाद में लगातार बारिश के बीच एक घर की दीवार गिर जाने से दो बच्चों की मृत्यु हो गयी वहीं दूसरी ओर बुलंदशहर में मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गयी।
रामपुर, अमरोहा और सम्भल में वर्षा के चलते कल घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं अलीगढ़ में सड़कों पर पानी भर गया। जालौन जिले में यमुना नदी की एक सहायक नदी में अचानक बाढ़ आ गयी। कुछ जिलों में स्कूल-काॅलेज भी बन्द कर दिये गये हैं।
इस असामान्य बारिश का कारण एक कम दबाव का क्षेत्र है जो मध्य भारत में बना हुआ है, इसके उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ने और आज धीरे-धीरे कमजोर होने की उम्मीद है। इस बीच राज्य के कई शहरों में पिछले 48 घंटों से मूसलाधार बारिश हो रही है। झाँसी, अलीगढ़, फर्रुखाबाद, आगरा और मथुरा जिलों में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और सड़कें पानी में डूब गईं। वर्षाजनित हादसों में मथुरा, बुलन्दशहर और मुरादाबाद जिलों में पांच लोगों की मौत की खबर है। सुशील चन्द्र तिवारी आकाषवाणी समाचार गोरखपुर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी वर्षा के कारण हुयी जन-हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रूपये की राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। उधर मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी जिलों में बारिश का सिलसिला अभी ऐसे ही बना रहेगा।