जुलाई 23, 2024 10:22 पूर्वाह्न

printer

उत्तराखंड में लगातार मध्‍यम से तेज वर्षा के कारण पहाडों में अधिक भू-स्‍खलन, नदियों का जल स्‍तर बढ़ा

        उत्तराखंड में लगातार मध्‍यम से तेज वर्षा हो रही है। इस कारण पहाडों में अधिक भू-स्‍खलन हो रहा है और नदियों का जल स्‍तर बढ रहा है।

 

     मौसम विभाग ने पिथौरागढ, उधम सिंह नगर, चंपावत, बागेश्‍वर और नैनीताल जिलों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज वर्षा के कारण देहरादून जिला प्रशासन ने आज सभी स्‍कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।

 

    इस बीच, भारी भू-स्‍खलन के कारण अवरूद्ध हुए उत्तरकाशी में बिशनपुर के निकट गंगोत्री राष्‍ट्रीय राजमार्ग को कल रात वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया है।

 

    मुख्‍यमंत्री पुष्‍पकर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं। उन्‍होंने घनी आबादी वाले क्षेत्रों या सडकों पर जलभराव के मामले में जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए तत्‍काल उपाय करने पर बल दिया।

 

    श्री धामी ने चारधाम के तीर्थयात्रियों और कांवड यात्रा पर निकले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि यह राज्‍य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। खराब मौसम होने की स्थिति में तीर्थयात्रा में विलम्‍ब हो सकता है या रद्द किया जा सकता है। इस प्रकार के सुरक्षात्‍मक उपाय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जाने चाहिए।