मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मार्च 14, 2025 6:07 अपराह्न

printer

उत्तराखंड में रंग, संगीत और उल्लास के त्यौहार होली की धूम

उत्तराखंड में आज होली का पर्व हर्षाल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों में सुबह से ही रंग-अबीर उड़ने लगे हैं। कुमाऊं में जहां बैठकी और खड़ी होली की परंपरा देखने को मिल रही है, वहीं गढ़वाल में भी लोग पारंपरिक ढोल-दमाऊं और मंजीरों की थाप पर होली के गीत गा रहे हैं।

कुमाऊं क्षेत्र में होली का खास अंदाज देखने को मिल रहा है। पिछले एक महीने से मंदिरों, चौपालों और घरों में बैठकी होली की रस्में निभाई जा रही थीं, जिनका समापन अब रंगों के उत्सव के साथ हो रहा है। अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में होलियारों की टोलियां परंपरागत वेशभूषा में घर-घर जाकर होली गा रही हैं। खड़ी होली की धूम पूरे क्षेत्र में है, जिसमें लोग नृत्य और गीतों के माध्यम से होली का आनंद ले रहे हैं।

गढ़वाल में भी होली का खास उत्साह है। देहरादून, टिहरी, श्रीनगर और उत्तरकाशी में लोग सुबह से ही रंग-अबीर के साथ होली मना रहे हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा घाटों पर भी श्रद्धालु होली खेल रहे हैं। मसूरी और चकराता जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटक इस रंगीन पर्व का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।

होली के मौके पर प्रदेशभर में विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों की धूम है। जगह-जगह होली मिलन समारोह हो रहे हैं, जहां लोक कलाकार पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत कर रहे हैं। रामनगर, हल्द्वानी और रुद्रपुर में भी होली के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

इस बीच, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह औरम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगो का यह पर्व समाज में भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है।
होली के मद्देनजर प्रदेशभर में पुलिस प्रशासन सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें।

उत्तराखंड आज पूरी तरह होली के रंग में रंगा हुआ है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी रंग और उल्लास में डूबे हुए हैं। प्रदेश के पहाड़ों से लेकर मैदानों तक आज सिर्फ रंगों और खुशियों की फुहारें नजर आ रही हैं।