देवी दुर्गा की पूजा का 9 दिवसीय त्योहार -नवरात्रि आज श्रद्धा-भाव और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन देवी दुर्गा को शैलपुत्री के रूप में पूजा जाता है।
नवरात्रि के शुरू होने के साथ ही राज्य में देवी के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सभी की सुख समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की है। राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि केवल मातृ शक्ति की उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मानुशासन, अंतःकरण की शुद्धि और मन की एकाग्रता को सुदृढ़ करने का अवसर भी प्रदान करता है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का यह पर्व हमें मातृशक्ति की उपासना और सम्मान की प्रेरणा देता है। समाज में नारी के महत्व को प्रदर्शित करने वाला यह पर्व हमारी संस्कृति और परम्परा का प्रतीक है।