मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की लोक संस्कृति को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा, राज्य की संस्कृति और परम्पराओं को अगली पीढी तक पहुंचाना हर व्यक्ति का दायित्व है। देहरादून में कल शाम मुख्यमंत्री ने बूढ़ी दिवाली ‘‘ईगास‘‘ के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति, लोक परंपराएं, पहाड़ी परिधान उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं और यह राज्य के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। श्री धामी ने उत्तराखंड के सभी लोकपर्वों को प्रदेशवासियों से गांव जाकर मनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा राज्य सरकार रिवर्स माइग्रेशन के क्षेत्र में जमीन स्तर पर कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऑफिसर्स क्लब, ओएनजीसी में भेलो भी खेला। उधर, मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व ईगास बेहद सादगी से मनाया गया। मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना और सुंदरकांड पाठ कर प्रदेश में सुख शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने ईगास के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपने गांव से जुड़ने और भाषा तथा लोक पर्वो के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।