उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में वुशु में शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 6 पदक अपने नाम किए, जिनमें 1 स्वर्ण और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। वुशु ताओलू दाओशू इवेंट में अचोम तापस ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत का परिचय दिया।
मणिपुर के मूल निवासी तापस ने जूनियर स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीते हैं और अब उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके अलावा, कल ताओलू सिंगल सीनियर-चांगक्वान (महिला) इवेंट में ज्योति वर्मा ने कांस्य पदक जीता और राज्य का नाम रोशन किया।
आज कांस्य पदक जीतने वालों में विशम कश्यप, नीरज जोशी, लविश कुमारऔर शुभम चौधरी शामिल हैं। वहीं, नीरज जोशी, लविश कुमार और शुभम चौधरी आज रजत पदक के लिए मुकाबला करेंगे, जिससे उत्तराखंड के पदकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। उत्तराखंड वुशु कोच अंजना रानी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत और राज्य में बढ़ते खेल ढांचे का परिणाम बताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।
इधर, टिहरी के शिवपुरी में हुए बीच बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता के पुरूषों के फाइनल मुकाबले में सर्विसेज की टीम ने उत्तराखंड को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस खेल में उत्तराखंड को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
वहीं, मणिपुर की बिंद्यारानी देवी ने वेटलिफ्टिंग के महिला 55 किलोग्राम वर्ग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम भार उठाकर मीराबाई चानू का 86 किलोग्राम का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 10 मीटर एयर राइफल पिस्टल फाइनल में महाराष्ट्र के निशानेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। पार्थ राकेश माने ने स्वर्ण पदक और रुद्रांक्ष पाटिल ने रजत पदक हासिल किया।