उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद- घन्ना भाई का निधन हो गया। वे देहरादून स्थित एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती थे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घनानंद के निधन पर दुःख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के फिल्म जगत और अभिनय के क्षेत्र में घनानंद के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। गौरतलब है कि श्री घनानंद का जन्म पौड़ी गढ़वाल के गगवाड़ा गांव में 1953 में हुआ था। उन्होंने कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत 1970 में रामलीलाओं में नाटकों से की थी।
हास्य कलाकार घन्ना भाई ने 1974 में रेडियो और बाद में दूरदर्शन पर कई कार्यक्रम भी दिए। सुप्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के कार्यक्रमों में घन्ना भाई का हास्य और व्यंग्य लोगों को खूब गुदगुदाते थे।घन्ना भाई ने वन विभाग में भी सेवाएं दी और इस दौरान वर्ष 2022 में पौड़ी विधानसभा से चुनाव भी लड़ा, लेकिन वे तब हार गए थे।
घन्ना भाई ने कई गढ़वाली फिल्म और म्यूजिक एलबम में काम किया है। ‘घर जवें’ फिल्म से उन्हें खासी लोकप्रियता मिली थी।