उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट आज भैया दूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के बाद विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिये गए है। इस वर्ष सात लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए।
गौरतलब है कि गंगोत्री धाम के कपाट कल अन्नकूट के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद किए गये। पुलिस सुरक्षा के बीच मां गंगा की डोली ढोल-दमाऊ, आर्मी बैंड और माँ गंगा के जय-जयकारों के साथ गंगोत्री से मुखबा गांव के लिए रवाना हुई। आज मां गंगा की उत्सव डोली भैया दूज के पर्व पर अपने मायके मुखवा पहुंचेगी। शीतकाल में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना गंगा जी के शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित गंगा मंदिर में कर सकेंगें। मां गंगा की भोग मूर्ति 6 माह सोमेश्वर देवता के साथ मुखबा में रहेंगी। इस वर्ष 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ गंगा के दर्शन किये है।