उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले जायेंगे। गंगोत्री की डोली 9 मई को मुखवा गांव से गंगोत्री की ओर प्रस्थान करेगी। इस दिन डोली का रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में होगा और 10 मई को डोली के गंगोत्री धाम पहुंचने पर मंदिर के कपाट खोल दिये जायेंगे।
वहीं यमुनोत्री की डोली 10 मई को खरसाली गांव स्थित शनि मंदिर से यमुनोत्री की ओर प्रस्थान करेगी, इसी दिन यमुनोत्री के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से पहले स्थानीय प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।
जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने गंगोत्री धाम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों और संगठनों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिये सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी ने गंगोत्री में सड़क पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही व्यापारियों को रेट लिस्ट चस्पा करने को कहा।