इस्रायल पर हमास के घातक हमले की पहली वर्षगांठ पर, गजा तथा पश्चिम एशिया में हिंसा रोकने का आह्वान करते हुए शनिवार को दुनियाभर के प्रमुख शहरों में हजारों प्रदर्शनकारियों ने रैलियां निकाली। फ्लीस्तीन के समर्थकों ने मध्य लंदन में जलूस निकाला। इसके अलावा पेरिस, रोम, मनीला, केप टाऊन और न्यूयार्क शहर में भी प्रदर्शन की खबरें हैं। हमास के सात अक्टूबर 2023 को हमले के बाद संषर्घ बढ गया है। इस हमले में एक हजार 200 इस्रायली नागरिक मारे गए और अनेक बंधक बना लिये गये। इस्रायल की जबावी सैन्य कार्रवाई में गजा में तकरीबन 42 हजार फलीस्तीनी लोगों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की 23 लाख आबादी में से ज्यादातर लोग विस्थापित हो गये हैं और भुखमरी की स्थिति बन गई है।
अनेक शहरों में प्रदर्शनों से तनाव फैल गया। रोम में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोडे जबकि बर्लिन में फ्लीस्तीन समर्थकों की पुलिस के साथ झडप हुई। कुछ स्थानों पर यहूदी लोगों के पक्ष में भी प्रदर्शन हुए और उनके विरूद्ध उभरती भावनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
इस्रायल की सैन्य कार्रवाई की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निंदा के बावजूद अमरीका और उसके सहयोगियों ने इस्रायल के आत्मरक्षा अधिकार का समर्थन किया है।