मई 16, 2025 6:27 पूर्वाह्न

printer

इस्‍ताम्‍बुल में रूस के साथ शांति वार्ता में शामिल नहीं होंगे यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की इस्‍ताम्‍बुल में रूस के साथ शांति वार्ता में शामिल नहीं होंगे। दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए श्री जेलेंस्‍की ने रक्षा मंत्री रूसतेम उमेरोव के नेतृत्‍व में प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है।

 

 

उन्‍होंने अंकारा में संवाद के लिए यूक्रेन की प्रतिबद्धता दोहराई लेकिन रूस के इरादों पर संदेह प्रकट किया। श्री जेलेंस्‍की ने कहा कि मास्‍को के प्रतिनिधियों में निर्णय लेने वाले प्रमुख पदाधिकारी शामिल नहीं हैं।

   

 

अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी बहुप्रतीक्षित शांति वार्ता में शामिल नहीं होंगे। उन्‍होंने कहा कि जब तक अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप और रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन आमने-सामने नहीं मिलते तब तक किसी वास्‍तविक प्रगति की संभावना नहीं है।

   

 

यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत फिर शुरू करने के लिए रविवार को रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के प्रस्‍ताव के बाद इस्‍ताम्‍बुल वार्ता हो रही है। लेकिन बाद में रूस ने कहा था कि राष्‍ट्रपति पुतिन वार्ता में शामिल नहीं होंगे।

 

 

इसके बजाय रूस राष्‍ट्रपति के सहयोगी व्‍लादिमीर मेडिंस्‍की को भेजेगा। शांति वार्ता आज होने की संभावना है। इस्‍ताम्‍बुल बैठक 2022 में यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद पहली सीधी वार्ता है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला