आम आदमी पार्टी के 15 विधायकों को उनके अभद्र व्यवहार के कारण आज दिल्ली विधानसभा से निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासित विधायकों में विपक्ष की नेता आतिशी और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय शामिल हैं। आज सुबह जब उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना सदन को संबोधित कर रहे थे तब विपक्षी सदस्यों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कमरे से डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर और भगत सिंह की तस्वीर हटाए जाने पर नारेबाजी शुरू कर दी। इस आरोप का खंडन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पहले ही कर चुकी है। इस हंगामे के बीच अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने बार-बार सदन में व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। लेकिन विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा।
बाद में, अध्यक्ष ने विरोध करने वाले आम आदमी पार्टी के विधायकों को उनके अभद्र व्यवहार के कारण बर्खास्त करने की घोषणा की। अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली सरकार नीति मार्गदर्शन के लिए दस्तावेज के रूप में विकसित दिल्ली संकल्प पत्र को लागू करेगी और लोगों से किए गए सभी वायदों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ दिल्ली, यमुना का पुनरूद्धार और स्वच्छ पेय जल उपलब्ध कराने पर नई सरकार ध्यान केंद्रित कर रही है।
सत्र के दूसरे दिन पिछली सरकार से संबंधित भारत के महालेखा परीक्षक की लंबित रिपोर्ट आज दोपहर बाद सदन में रखी जाएंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि आम आदमी पार्टी के विधायकों ने अपनी बर्खास्तगी से संबंधित फैसले पर सदन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।