माओवादी विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सटीक और खुफिया जानकारी मिलने पर विशेष सुरक्षा बल ग्रेहाउंड्स और राज्य पुलिस ने अल्लूरी सीतारामाराजू जिले में मारेदुमिली के घने जंगलों में समन्वित कार्रवाई की। आज सुबह हुई मुठभेड़ में शीर्ष कमांडर मडवी हिडमा, उसकी पत्नी मदकम राजे सहित छह माओवादी मारे गए।
घटनास्थल से एके राइफल, गोला-बारूद और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आंध्र प्रदेश में हाल ही में माओवादियों की गतिविधियां बढ़ने के कारण निगरानी बढ़ाई गई थी और त्वरित कार्रवाई की गई।
मुठभेड़ के बाद कृष्णा, एनटीआर, काकीनाडा और एलुरु जिलों में 31 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करने का आग्रह किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से माओवाद के खात्मे के लिए अगले वर्ष 31 मार्च की समय सीमा तय की थी। सूत्रों ने बताया कि एक सुरक्षा समीक्षा बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री ने नक्सल विरोधी अभियानों में लगे शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को 30 नवंबर से पहले हिडमा को खत्म करने का निर्देश दिया था।
1981 में सुकमा में जन्मा माड़वी हिडमा पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी की एक बटालियन का कमांडर और माओवादी सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। वह 26 से ज़्यादा बड़े नक्सली हमलों में शामिल था।