मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मार्च 12, 2024 7:47 अपराह्न | पीएम- राजस्थान

printer

आत्मनिर्भर भारत के बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है–प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत के बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर देश को विकसित करना है तो हमें दूसरों पर निर्भरता कम करनी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के पोखरण में तीनों सेनाओं का ‘भारत शक्ति’ अभ्यास देखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भारत शक्ति अभ्‍यास में देश में ही निर्मित रक्षा उपकरणों की शक्ति का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि आज देश खाद्य तेल से लेकर आधुनिक लड़ाकू विमान बनाने तक हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि तीनों सेनाओं के योद्धा भारत में बने आधुनिक उपकरणों और हथियारों का उपयोग कर रहे हैं जिससे देश की ताकत का पता चलता है।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। सरकार ने नीतिगत स्तर पर कई सुधार किये और निजी क्षेत्र को भी इसमें शामिल किया। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा गलियारे विकसित किये जा रहे हैं। इनमें अब तक 7 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है और हेलीकॉप्टर बनाने वाली एशिया की सबसे बड़ी कंपनी भारत में अपना काम शुरू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों से सैकड़ों सैन्य उपकरण खरीदे जा रहे हैं। पिछले 10 वर्षो में स्वदेशी कंपनियों से करीब 6 लाख करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण खरीदे गए हैं। रक्षा उत्पादन दोगुना से भी ज्यादा बढ़कर लगभग 1 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान रक्षा क्षेत्र में 150 से अधिक नए स्टार्टअप आए हैं और उन्‍हें सशस्‍त्र बलों से ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना सशस्त्र बलों पर भरोसे की गारंटी भी है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षो में भारत ने कई नये उपकरण बनाये हैं। कैबिनेट ने हाल ही में फैसला किया है कि पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान भी अब देश में ही बनाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कभी दुनिया का सबसे बड़ा आयातक था, लेकिन अब वह रक्षा उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। वर्ष 2014 की तुलना में भारत का निर्यात आठ गुना बढ़ गया है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित कई गणमान्य व्‍यक्ति उपस्थित थे।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला