आज सावन माह का तीसरा सोमवार है। इस पावन अवसर पर प्रदेश भर के शिवालयों में सुबह से ही भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों के साथ ही भक्तों ने घरों में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए सुबह से भक्तों की लम्बी कतारें लगी हैं। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की फूलों से भव्य सजावट की गई है। मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक शाम सात बजे तक ढाई लाख से अधिक भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके अलावा लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ मंदिर, बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ के मनकामेश्वर और बुद्धेश्वर महादेव मंदिर समेत प्रदेश भर के शिवालयों में जलाभिषेक के लिये बड़ी संख्या में भक्त और कांवड़िये पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के प्राचीन मानसरोवर मंदिर में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। गोरखपुर के अन्य शिव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने हाजिरी लगाई।
गोरखपुर जनपद में श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर मानसरोवर मंदिर, गोरखनाथ मंदिर, बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर व महादेव झारखंडी मंदिर के साथ-साथ पिपराइच स्थित बाबा मोटेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। सुबह 4 बजे से ही मंदिर के पुजारी द्वारा भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना भोग आरती व श्रृंगार करने के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए। इसके बाद हर हर महादेव व बम बम भोले के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को दूध ,जल ,बेलपत्र ,घी ,भांग, धतूरा इत्यादि अर्पण कर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न किया। इसके साथ ही कांवड़ियों द्वारा जनपद के बड़हलगंज से जल भरकर नाचते गाते सड़क मार्ग से पिपराइच पहुंचकर बाबा मोटेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया गया। भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना से पूरा माहौल भक्ति से सराबोर रहा।