आज यौम-ए-आशूरा यानि मुहर्रम है। यह पर्व पैगंबर मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत की याद में मनाया जाता है। प्रदेश में इस अवसर पर ताजिया और मातमी जुलूस निकाले जा रहे हैं। साथ ही धार्मिक बैठकें और मजलिसें भी आयोजित की जा रही हैं। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों से इस पर्व को पारंपरिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि मुहर्रम हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलते हुए जीवन के उच्च आदर्शों और मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कर्बला के शहीदों और हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी को नमन करते हुये उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इधर, मुहर्रम को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।