मार्च 14, 2025 9:00 पूर्वाह्न

printer

आज पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है रंगों का त्यौहार होली

रंगों का त्यौहार होली आज पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह त्यौहार वसंत ऋतु के आगमन और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह एकता और सद्भावना को बढ़ावा देता है।

 

कल होलिका दहन के साथ इस त्‍यौहार की शुरूआत हुई। आज धुलेंडी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने होली पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने संदेश में कहा कि यह त्यौहार खुशियां और उत्साह लेकर आता है।

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि हर्ष और उल्लास से भरा यह त्यौहार सभी के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लेकर आएगा तथा देशवासियों में एकता के रंग को और मजबूत करेगा।