दिसम्बर 17, 2025 10:11 अपराह्न

printer

आईसीजी का जहाज सार्थक ईरान के चाबहार बंदरगाह पर पहुंचा

भारतीय तट रक्षक-आईसीजी का जहाज सार्थक ईरान के चाबहार बंदरगाह पर पहुंच गया है। यह जहाज 19 दिसंबर तक बंदरगाह पर रहेगा। इस दौरान जहाज सार्थक ईरानी नौसेना और अन्य ईरानी समुद्री एजेंसियों के साथ कई तरह की पेशेवर और सामुदायिक गतिविधियों में हिस्सा लेगा। इन गतिविधियों का उद्देश्‍य संस्थागत संबंधों को मजबूत करना और समुद्री सुरक्षा तथा संरक्षा में आपसी समझ बढ़ाना है। समुद्री खोज और बचाव, समुद्री कानून प्रवर्तन और समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया पर संयुक्त प्रशिक्षण गतिविधियां भी होंगी।

यह यात्रा चाबहार में किसी भारतीय तट रक्षक जहाज का पहला पोर्ट कॉल है, जो इस क्षेत्र में भारत की बढ़ती समुद्री भागीदारी का प्रमाण है। इसका उद्देश्‍य भारत के सागर और महासागर दृष्टिकोण के अनुरूप एक प्रतिस्पर्धी विकास मॉडल को आगे बढ़ाने की क्षमता को मजबूत करना है।

ओमान की खाड़ी के उत्तरी किनारे पर स्थित चाबहार एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण गहरे पानी का बंदरगाह है जो भारत को ईरान, अफगानिस्तान और मध्य एशिया के लिए एक सीधा समुद्री मार्ग प्रदान करता है।