आंध्र प्रदेश सरकार ने तिरुपति में एपी फ्यूचरिस्टिक इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी-एपी फर्स्ट, नामक एक प्रमुख अनुसंधान केंद्र स्थापित करने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय आज एयरोस्पेस, रक्षा और आईटी डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन क्षेत्रों के सलाहकारों के साथ हुई बैठक में लिया गया।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य सरकार सर्वांगीण विकास के लिए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार कर रही है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों से निवेश में वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भविष्य का विकास एयरोस्पेस, रक्षा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, क्वांटम प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, जैव प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और ग्रामीण प्रौद्योगिकियों द्वारा संचालित होगा। इन सभी क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं।