अयोध्या में भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली दीपावली पर 28 से 30 अक्टूबर तक दीपोत्सव के तहत विभिन्न आयोजन होंगे। इस बार आठवें दीपोत्सव में 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव में इस बार छह देशों के कलाकार रामलीलाओं का मंचन करेंगे। इसमें थाईलैंड, कंबोडिया, इंडोनेशिया, म्यांमार, मलेशिया नेपाल के कलाकार हिस्सा लेंगे। वहीं देश के 16 राज्यों के कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 1100 वेदाचार्यों के साथ सरयू आरती कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। वहीं राम की पैड़ी पर सरयू नदी के बीच में भव्य स्टेज बनाया जाएगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही भव्य ड्रोन शो और म्यूजिकल लेजर शो भी होगा।