रूस का कहना है कि अमेरिका द्वारा उसके तेल उद्योग पर लगाए गए नए प्रतिबंधों से यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के कूटनीतिक प्रयासों को नुकसान पहुंचने का खतरा है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने आज मास्को में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रूस ने प्रतिबंधों के प्रति मज़बूत प्रतिरक्षा विकसित कर ली है, और चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाइयां रूस से ज़्यादा वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाएंगी।
उन्होंने कहा कि रूस, यूक्रेन मुद्दे का समाधान खोजने के लिए अमरीका के साथ संपर्क जारी रखने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वाशिंगटन के दंडात्मक उपाय रूस को अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता करने के लिए मजबूर करने में सफल नहीं होंगे।
इस बीच, यूरोपीय संघ ने आज ब्रुसेल्स में रूस के खिलाफ अपने नवीनतम प्रतिबंध पैकेज की घोषणा की। यह कदम अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन द्वारा रूस के तेल उद्योग के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा के एक दिन बाद आया है। अमरीका और यूरोपीय संघ द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का उद्देश्य रूस की तेल और गैस आय को प्रभावित करना है ताकि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत करने के लिए मजबूर किया जा सके।