बलूच मानवाधिकार कार्यकर्ता मीर यार बलूच ने कहा है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बलूचिस्तान की खरबों डॉलर की खनिज संपदा पाकिस्तान को सौंपकर शांति के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि इससे आतंकवाद को बल मिलेगा। श्री मीर ने कहा कि अगर पाकिस्तान, बलूचिस्तान के खरबों डॉलर मूल्य के महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ मृदा संसाधनों पर बिना किसी बाधा के नियंत्रण हासिल कर लेता है, तो इससे पाकिस्तान की अतिवादी महत्वाकांक्षाएँ और बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान गणराज्य में पाई जाने वाली खनिज संपदा बलूच लोगों की वैध विरासत है, न कि पाकिस्तानी सरकार या सेना की। पाकिस्तान ने इस क्षेत्र पर जबरन कब्ज़ा कर लिया है। बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र राष्ट्र बताते हुए श्री मीर ने कहा कि किसी अन्य देश की प्राकृतिक संपदा को अवैध रूप से ज़ब्त करने का कोई भी प्रयास अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। उन्होंने पाकिस्तान के भ्रष्ट शासन पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ, विश्व बैंक और अन्य अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से ऋण लेते समय बलूचिस्तान के संसाधनों को गिरवी रखने और इन संपत्तियों के स्वामित्व को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया।