भारत अपने पहले मानव चालित अंडर वाटर सब-मर्सिबल को तैनात करने की तैयारी कर रहा है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कल नई दिल्ली में पृथ्वी भवन में डीप ओशन मिशन संचालन समिति की दूसरी बैठक में कहा कि इस वर्ष 500 मीटर तक की गहराई के लिए तैयार सब-मर्सिबल को लांच कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष इसकी पहुंच छह हजार मीटर तक करने की योजना है।
डीप ओशन मिशन का उद्देश्य जलीय संसाधनों का पता लगाना और देश की समुद्री अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इसका उद्देश्य ऐसी दुर्लभ धातुओं और समुद्री जैव-विविधता का पता लगाना भी है जिनके आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभाव हैं। इस मिशन से मत्स्य-पालन और जैव-विविधता संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
डॉक्टर सिंह ने बताया कि डीप ओशन मिशन और गगनयान अंतरिक्ष कार्यक्रम साथ-साथ चल रहे हैं और ये दोनों कार्यक्रम समुद्री तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति को दर्शाते हैं।