उत्तर प्रदेश सरकार ने ड्यूटी से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने और काम में लापरवाही बरतने के आरोप में राज्य चिकित्सा सेवा के 26 डॉक्टरों को बर्खास्त करने का फैसला किया है। सरकार ने कई चिकित्सा अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकने का भी निर्णय लिया है।
इससे पहले भी सरकार ने ड्यूटी से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर कई डॉक्टरों के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई की थी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जो राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी हैं, उन्होंने कहा कि 26 डॉक्टरों की बर्खास्तगी की प्रक्रिया सरकारी स्तर पर शुरू कर दी गयी है।
उन्होंने कहा कि हालांकि प्रदेश के सभी चिकित्सा अधिकारी पूरी लगन से आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन इनमें से कई चिकित्सा अधिकारी ऐसे भी हैं जो अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। इस कारण से आम जनता को चिकित्सा सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है तथा विभाग और सरकार की छवि धूमिल हो रही है।