मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 24, 2025 7:56 पूर्वाह्न

printer

अंतरिक्ष मानवता के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण, वैज्ञानिकों अंतरिक्ष की गहन खोज के लिए रहें तैयार: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों से अंतरिक्ष की गहन खोज के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। उन्‍होंने कहा कि ये अज्ञात क्षेत्र मानवता के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण रहस्य से भरे हुए हैं। कल राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर वीडियो संदेश में, श्री मोदी ने कहा कि भारत पहले ही चंद्रमा और मंगल पर पहुँच चुका है, और अब समय आ गया है कि हम अंतरिक्ष के गहन क्षेत्रों का अन्वेषण करें। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों के समर्पित प्रयासों से, भारत बहुत जल्द गगनयान मिशन लॉन्च करेगा और आने वाले वर्षों में अपना अंतरिक्ष केन्‍द्र बनाएगा।

 

श्री मोदी ने युवा नागरिकों को भारत के ‘अंतरिक्ष यात्री समूह’ में शामिल होने और देश की आकांक्षाओं को उड़ान देने में मदद करने के लिए भी आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने निजी क्षेत्र को आगे आने और अगले पाँच वर्षों में पाँच अंतरिक्ष यूनिकॉर्न बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में, हम हर साल पाँच बड़े प्रक्षेपण करते हैं तो क्या हम इसे प्रति सप्‍ताह एक यानि हर साल 50 रॉकेट तक बढ़ा सकते हैं।

 

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि 350 से अधिक स्टार्टअप अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में  आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि निजी क्षेत्र का पहला पीएसएलवी रॉकेट जल्द ही प्रक्षेपित किया जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत के युवाओं के लिए व्यापक अवसर सृजित हो रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत अंतरिक्ष में डॉकिंग-अनडॉकिंग क्षमता रखने वाला  दुनिया का चौथा देश बन गया है। श्री मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक भारत में शासन का एक अभिन्न अंग बनती जा रही है।