17 अगस्त से शुरू होने जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत आज भाजपा केंद्रीय कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भाग लिया।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 75 नई सेवाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 150 आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी शुरू किए जायेंगे।
वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बने, यही भाजपा की सामूहिक संकल्पना है। श्री सचदेवा ने बताया कि दिल्ली भाजपा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, खेल-कूद प्रतियोगिता और चित्रकला जैसी गतिविधियों का आयोजन करेगी।