शतरंज की प्रतिष्ठित फिडे ग्रैंड स्विस 2025 प्रतियोगिता आज से उज्बेकिस्तान में समरकंद के सिल्क रोड एक्सपो में शुरू होगी। 15 सितंबर तक चलने वाली यह प्रतियोगिता विश्व में शतरंज के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक है।
इस प्रतियोगिता में सबकी निगाहें आर प्रज्ञानानंद पर रहेंगी जो भारत के सर्वोच्च रेटिंग वाले खिलाड़ी होने के साथ ही फिलहाल विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी हैं। वे प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में शीर्ष वरीयता के साथ सबसे आगे हैं। उनके साथ विश्व चैंपियन डी गुकेश, अर्जुन एरिगैसी और गत चैंपियन विदित गुजराती भी इस मज़बूत भारतीय टीम में शामिल हैं। भारत की महिला चैंपियन दिव्या देशमुख भी ओपन वर्ग में प्रतिस्पर्धा में शामिल होकर सुर्खियाँ बटोर रही हैं और प्रतियोगिता के लिए उत्साह में वृद्धि कर रही हैं।
इस प्रतियोगिता के महिला वर्ग में भारत की गत चैंपियन वैशाली रमेशबाबू से सबसे अधिक उम्मीद है जो आत्मविश्वास और दमदार फॉर्म के साथ वापसी कर रही हैं। वंतिका अग्रवाल जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी उनके साथ होंगी।
अलीरेज़ा फ़िरोज़ा, इयान नेपोमनियाची, अनीश गिरी और नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव जैसे विश्व के शतरंज के सितारे भी इस प्रतियोगिता में शामिल होकर इसे स्विट्जरलैंड में अब तक का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन बना रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में 172 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से 116 ओपन और 56 महिला वर्ग में हैं। प्रत्येक वर्ग से शीर्ष दो खिलाड़ी 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए पत्रता हासिल करेंगे, जो विश्व शतरंज चैंपियनशिप की ओर एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
यह प्रतियोगिता 11 दौर के स्विस प्रारूप में होगी। इसमें ओपन वर्ग के लिए छह लाख 25,000 अमरीकी डॉलर और महिला वर्ग के लिए दो लाख 30,000 अमरीकी डॉलर की पुरस्कार राशि है। भारतीय खिलाड़ी अपनी गति और प्रतिभा के साथ इस प्रतियोगिता के जरिए एक बार फिर से विश्व के मंच पर अपनी चमक बिखेरना चाहेंगे।