भारत ने कल बुडापेस्ट में आयोजित 45 शतरंज ओलम्पियाड में पुरूष और महिला टीमों का स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया। भारतीय टीमों ने इस प्रतियोगिता में पहली बार स्वर्ण पदक जीता है। ग्रैण्ड मास्टर डी. गुकेश, अर्जुन एरिगेसी और आर. प्रगनानंद ने स्लोवेनिया के खिलाफ 11वें दौर में अपने-अपने मैच जीत लिये जबकि महिला वर्ग में डी. हरिका, दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने अजरबैजान की खिलाड़ियों को हरा कर स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया।
इससे पहले भारतीय पुरूष टीम ने 2014 और 2022 में कांस्य पदक जीते थे। भारतीय शतरंज टीम की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलम्पियाड में देश के लिये पहला स्वर्ण पदक जीतना शतरंज के इतिहास में अविश्वसनीय उपलब्धि है।