एक्सियॉम-4 मिशन पर गए भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनके तीन अन्य सहयोगी पृथ्वी की वापसी यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। स्पेसएक्स कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि क्रू कैप्सूल ड्रैगन, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अलग हो गया है। कंपनी ने कहा कि अंतरिक्ष यान कल दोपहर बाद लगभग तीन बजे कैलिफ़ोर्निया तट पर उतरेगा।
वापसी पर ग्रुप कैप्टन शुक्ला और तीन अन्य सहयोगियों को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुकूल होने के लिए सात दिन की निगरानी में रखा जाएगा। ग्रुप कैप्टन शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के 14-दिवसीय मिशन पर थे। वे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले पहले भारतीय और वर्ष 1984 में अंतरिक्ष में गए विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। यात्रा के दौरान, ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने भारत से संबंधित सात प्रयोग किए। अंतरिक्ष स्टेशन से विदाई पर ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा को अविश्वसनीय बताया।
शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य को लेकर एक्सिओम-4 मिशन 26 जून को अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुआ था।