राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन आई ए ने फुलवारी शरीफ पॉप्युलर फ्रंट ऑफ इंडिया-पी एफ आई के आतंक वित्तपोषण मॉड्यूल मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला बिहार के पटना में दर्ज है। एजेंसी ने आरोपी मोहम्मद सज्जाद आलम को, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर गिरफ्तार किया।
आलम बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले का निवासी है। एजेंसी ने बताया कि वह प्रतिबंधित संगठन पी एफ आई का एक प्रशिक्षित सदस्य है। एन आई ए पटना की विशेष अदालत द्वारा उसे पकड़ने के लिए एक गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया गया था। आलम के विरूद्ध एक लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था।
पी एफ आई, भारत विरोधी और गैर-कानूनी गतिविधियों के कारण एक प्रतिबंधित संगठन है।
एन आई ए की जांच के अनुसार आरोपी संयुक्त अरब अमीरात, कर्नाटक और केरल में पी एफ आई नेटवर्क के जरिए बिहार में उसके काडरों को दुबई से अवैध धन भेजने में संलिप्त था। इस धनराशि का इस्तेमाल पी एफ आई की आपराधिक और गैर-कानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देने में किया जा रहा था।
पी एफ आई काडरों के गैर-कानूनी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने से संबंधित यह मामला आरंभिक तौर पर जुलाई 2022 में फुलवारी शरीफ पुलिस ने दर्ज किया था।