राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा है कि युवा पीढ़ी के बल पर भारत विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा भारत को विश्व गुरु बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जो सभी के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय ने नवाचारों, शोध और सामाजिक पहलों के चलते भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाई है। राज्यपाल ने कहा कि बहुत जल्द भारत विश्व की पांचवीं से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के लिए प्राथमिक विद्यालयों में पठन-पाठन में कुमाऊंनी-गढ़वाली, जौनसारी बोलियों को लागू किया गया है। समारोह में 19 हजार 570 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक और उपाधियां प्रदान की गईं।