मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे 52 वाहनों को आज नई दिल्ली में झंडी दिखाकर रवाना किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय प्राकृतिक विपदाओं के कारण देश उलझन और तकलीफ में है। ऐसे समय बहुत जरूरी है कि सब एक दूसरे का हाथ पकड़कर इस मुसीबत के समय से आगे निकलें।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि पंजाब पूरे देश का अन्नदाता और इस समय देश के किसान तकलीफ के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरी दिल्ली उनके साथ खड़ी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा तथा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा भी उपस्थित थे। श्री सूद ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित आसपास के सभी पीड़ित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की है।
वहीं श्री सिरसा ने कहा कि पंजाब केवल देश को ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को अनाज देता है। उन्होंने कहा कि इस आपदा की स्थिति में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।