मंगोलिया में उल्लानबातर ओपन 2025 में कल भारत ने 6 पदक जीते, जिनमें 4 स्वर्ण पदक हैं। महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में भारत की पहलवान अंतिम पंघाल ने एथलीट नतालिया मालिशेवा को 10-शून्य से हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि 57 किलोग्राम वर्ग में, पहली बार भाग लेने वाली नेहा सांगवान ने ओलंपियन बोलोरतुया खुरेलखू को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
वहीं 59 किलोग्राम वर्ग में मुस्कान ने और 72 किलोग्राम वर्ग में हर्षिता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की विश्व चैंपियन, हर्षिता ने एशियाई चैंपियन बोलोरतुंगलाग ज़ोरिग्ट पर जीत हासिल की।
पुरुषों की ग्रीको-रोमन 60 किलोग्राम स्पर्धा में सूरज ने रजत पदक जीता, जबकि नीलम ने महिलाओं की 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। तीसरे यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग सीरीज इवेंट में भारत के पदकों की संख्या अब 12 हो गई है, जिसमें 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं।