भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार के लिए अपने देश के दृढ़ समर्थन को दोहराया है। उन्होंने भारत और जापान को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने की वकालत की है।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र में बोलते हुए, प्रधानमंत्री तोबगे ने कहा कि भूटान एक प्रतिनिधित्वपूर्ण, उत्तरदायी और प्रभावी संयुक्त राष्ट्र में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि भूटान संयुक्त राष्ट्र में सुधार का समर्थन करता है, जिसमें सुरक्षा परिषद में सुधार और स्थायी तथा अस्थायी, दोनों प्रकार की सदस्यता का विस्तार शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक सुधारित सुरक्षा परिषद में भारत और जापान जैसे योग्य देशों के साथ-साथ अन्य सक्षम और अग्रणी देशों को भी शामिल किया जाना चाहिए। भूटान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों के लिए लगातार प्रयास किया है और वर्तमान संरचना को पुराना और गैर-प्रतिनिधित्वपूर्ण बताया है।