भारतीय फिल्म निर्माता अनुपर्णा रॉय ने 82वें वेनिस फिल्मोत्सव के ओरिज़ोंटी खंड में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीत लिया है। इस खंड में नई और स्वतंत्र फिल्मों को शामिल किया गया है। उनकी फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्रीज़’ इस श्रेणी में एकमात्र भारतीय प्रविष्टि थी। यह फिल्म मुंबई में दो प्रवासी महिलाओं की कहानी है। पुरस्कार की घोषणा ओरिज़ोंटी निर्णायक मंडल की अध्यक्ष जूलिया डुकोर्नो ने की।
इस बीच, जाने-माने अमरीकी फिल्म निर्देशक जिम जार्मुश को फिल्म ‘फादर मदर सिस्टर ब्रदर’ के लिए फिल्मोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का गोल्डन लायन पुरस्कार मिला है। यह फिल्म पारिवारिक और पीढ़ीगत तनाव को दर्शाती है। इसके दृश्य न्यू जर्सी, डबलिन और पेरिस में फिल्माए गये हैं।
सिल्वर लायन पुरस्कार ट्यूनीशिया के कौथर बेन हानिया निर्देशित ‘द वॉयस ऑफ हिंद रजब’ को दिया गया। यह गाजा युद्ध के दौरान मारी गई एक युवा फिलिस्तीनी लड़की की सच्ची कहानी पर आधारित है।
टोनी सर्विलो ने पाओलो सोरेंटिनो की इतालवी फिल्म ‘ला ग्राज़िया’ में राष्ट्रपति की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार चीन की अभिनेत्री शिन ज़िलेई को ‘द सन राइज़ेस ऑन अस ऑल’ में प्रदर्शन के लिए मिला।
बेनी सफी को ‘द स्मैशिंग मशीन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। इतालवी निर्देशक जियानफ्रैंको रोसी को श्वेत-श्याम वृत्तचित्र ‘बिलो द क्लाउड्स’ के लिए विशेष निर्णायक मंडल पुरस्कार मिला।