फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेबेस्टियन लेकोर्नू को उनके त्यागपत्र देने के कुछ ही दिनों बाद फिर से देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। श्री मैक्रों ने श्री लेकोर्नू से राजनीतिक गतिरोध समाप्त करने के लिए सरकार बनाने और बजट पेश करने का प्रयास करने को कहा है।
श्री लेकोर्नू की दोबारा नियुक्ति कई दिनों की बातचीत के बाद और उनके इस्तीफ़े के एक सप्ताह से भी कम समय में हुई है। फ़्रांस की बढ़ती आर्थिक चुनौतियों और बढ़ते कर्ज़ के राजनीतिक संकट से यूरोपीय संघ भी चिंतित है।
राष्ट्रपति मैक्रों की नियुक्ति की घोषणा के बाद श्री लेकोर्नू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद की पेशकश स्वीकार कर ली है।
उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ष के अंत तक फ़्रांस का बजट पेश करने और देशवासियों की दैनिक समस्याओं का समाधान करने का कार्य दिया गया है। श्री लेकोर्नू ने कहा कि नई सरकार में शामिल सभी लोगों को वर्ष 2027 में राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षाएं त्यागनी होगी। श्री लेकोर्नु ने नए मंत्रिमंडल के गठन के कुछ ही घण्टों बाद सोमवार को अचानक इस्तीफा दे दिया था।