फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने चक्रवात चिडो के बाद भारत द्वारा फ्रांस के प्रति सहयोग व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह तूफान शनिवार को फ्रांसीसी द्वीपसमूह मायोट में आया था। प्रधानमंत्री मोदी ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा था कि मायोट में चक्रवात चिडो के कारण हुई तबाही से उन्हें बहुत दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के नेतृत्व में फ्रांस इस त्रासदी से दृढ़ता से निपटेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत फ्रांस के साथ एकजुटता में खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। पीएम मोदी के संदेश का जवाब देते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने सोशल मीडिया पर उनका आभार व्यक्त किया। चक्रवात चिडो ने दक्षिण-पश्चिमी हिंद महासागर में भीषण तबाही मचाई है। मेटियो-फ्रांस के अनुसार चक्रवात चिडो 90 से अधिक वर्षों में मायोट में आया सबसे शक्तिशाली तूफान था।