सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने आज अंब में 17.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला उप मंडलीय न्यायिक परिसर का लोकार्पण किया। इस अत्याधुनिक परिसर में 6 न्यायालय, 2 बार रूम, पुस्तकालय और महिलाओं व पुरुषों के लिए प्रसाधन सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, ऊना मंडल की प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ और अन्य न्यायाधीश भी उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने वर्च 2019 में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहते हुए इस न्यायिक परिसर की आधारशिला रखी थी।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्यायिक परिसर अंब के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे हिमाचल प्रदेश में न्यायिक प्रणाली के विकास की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने अधिक से अधिक न्यायिक परिसरों के निर्माण पर बल देते हुए न्यायालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
न्यायमूर्ति ने सभी न्यायालयों की कार्यप्रणाली में डिजिटल तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय में ई-तकनीक के उपयोग से ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा के माध्यम हो गै है, जिस से भौगोलिक सीमाएँ अब कोई बाधा नहीं रही हैं उन्होने कहा कि इस से न्याय की पहुँच सभी के लिए सुगम हो गई है और देश के विभिन्न जिला और उपमंडलीय बार के वकीलों को भी सर्वोच्च न्यालालय के कार्यों का अनुभव प्राप्त हो रहा है।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अंब बार एसोसिएशन को भी ई-तकनीक का अधिक से अधिक सदुपयोग करने और एक ई-लाइब्रेरी विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के न्यायिक समुदाय की कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए इसे देश के सबसे समर्पित समुदायों में से एक बताया।
इस दौरान अपने संबोधन में न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने न्यायिक परिसर अंब के निर्माण में समय-समय पर मिले सभी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि न्यायिक परिसरों की महत्वपूर्ण भूमिका प्रशासनिक दक्षता को बेहतर बनाने और सभी लोगों तक न्याय की आसान पहुँच सुनिश्चित करने में होती है, जिससे न्याय प्रणाली को सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की न्यायाधीश एवं ऊना मंडल की प्रशासनिक न्यायाधीश, न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ और ऊना के जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि सहित सभी मेहमानों का स्वागत किया।
कर्यक्रम मैं न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर,न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा, न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य, न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा, न्यायमूर्ति विरेंद्र सिंह, न्यायामूर्ति रंजन शर्मा, न्यायामूर्ति बिपिन चंद्र नेगी और न्यायामूर्ति राकेश कैंथला के अलावा हिमचल प्रदेश उक्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, भूपेश शर्मा और अंब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।