देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना परिसर की 132 एकड़ भूमि पर विश्व स्तरीय सार्वजनिक पार्क बनाया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 20 जून इसकी आधारशिला रखेंगी। इसी दिन राष्ट्रपति आशियाना, आमजन के लिए खोला जाएगा। राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देहरादून में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह जानकारी दी गई। इस पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पार्क का पूरा विकास होने के बाद राष्ट्रपति द्वारा इस पार्क को वर्ष 2026 में उत्तराखंड की जनता को समर्पित किया जाएगा। डॉ. गुप्ता ने बताया कि उत्तराखण्ड की जनता के लिए खोला जाने वाला यह पार्क एक ऐतिहासिक परियोजना के रूप में काम करेगा। इसमें विश्व स्तरीय सुविधाएँ, नवीन डिज़ाइन, टिकाऊ विशेषताएँ होंगी और यह हरियाली, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक केंद्र के रूप में काम करेगा। उन्होंने बताया कि इस विशाल हरित क्षेत्र में बहु-गतिविधि क्षेत्र, साइकिलिंग ट्रैक, विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं, बच्चों के खेल क्षेत्र, पिकनिक लॉन, पैदल व जॉगिंग ट्रैक, वन प्रकृति पथ और जल सुविधाओं के साथ और कई अन्य आकर्षण भी यहां देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ये पहल भागीदारी पूर्ण शासन और समुदाय-संचालित विकास के प्रति राष्ट्रपति की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
Site Admin | मार्च 7, 2025 11:30 पूर्वाह्न
देहरादून में राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विश्व स्तरीय सार्वजनिक पार्क बनाया जाएगा, राष्ट्रपति 20 जून को रखेंगी आधारशिला
