दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा द्वारा कल दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नमो युवा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ सुबह साढ़े छह बजे शुरु होगी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह जानकारी आज भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से लेकर महात्मा गांधी की जन्म जयंती तक भाजपा द्वारा देश भर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए नमो युवा दौड़ का आयोजना किया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, भारतीय एथेलिट पद्मश्री सुधा सिंह और दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सागर त्यागी ने नमो युवा मैराथन दौड़ के बैनर का औपचारिक शुभारम्भ किया।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों के प्रेरणा स्रोत हैं और वह जानते हैं कि इस देश का युवा ही देश का भविष्य है। उन्होंने आगे कहा कि आज का युवा सिर्फ सशक्तिकरण की बात नहीं करता है बल्कि युवाओं के नेतृत्व में देश को सुदृढ़ करने की बात करता है।
वहीं, भारतीय एथेलिट पद्मश्री सुधा सिंह ने कहा कि कल आयोजित होने वाली मैराथन दौड़ विशेष रुप से युवाओं को नशे से मुक्ति दिलाने का अभियान है। उन्होंने लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि अगर आपके घर में किसी भी बच्चे को नशे की लत है तो उसका नशा छुड़वाएं। उन्होंने कहा कि अगर देश का युवा नशा मुक्त होगा तो भारत और मजबूत होगा।