दिल्ली नगर-निगम आज अपने नए महापौर का चुनाव करेगा। मतदान आज दोपहर होना है। दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने कल भाजपा पार्षद सत्य शर्मा को चुनाव की निगरानी के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया।
आम आदमी पार्टी ने इस पर आपत्ति करते हुए कहा कि निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उपराज्यपाल को निवर्तमान महापौर या सर्वाधिक वरिष्ठ पार्षद के नाम पर विचार करना चाहिए था। भारतीय जनता पार्टी ने उपराज्यपाल के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की आदत वैधानिक नियुक्तियों पर आलोचना करने की है।
250 सदस्यों के दिल्ली नगर-निगम में आम आदमी पार्टी के 127 और भारतीय जनता पार्टी के 114 पार्षद हैं। नगर-निगम में कांग्रेस के आठ सदस्य हैं। बहुमत नहीं होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने कृष्ण लाल को महापौर पद के लिए खड़ा किया है।
महेश खिची आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हैं। उप महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी के रविन्द्र भारद्वाज और भारतीय जनता पार्टी की नीता बिष्ट चुनाव मैदान में हैं। महापौर का चुनाव निर्धारित समय से सात महीने विलम्ब से हो रहा है।