थाईलैंड और कंबोडिया आज आधी रात से बिना शर्त युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। पांच दिनों से चल रहे घातक सीमा संघर्षों को सुलझाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण सफलता है। इस संघर्ष में कई लोग मारे गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। दोनों देश सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आम सहमति पर पहुँच गए हैं। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने आज पुत्राजया में कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई की उपस्थिति में इसकी घोषणा की।
युद्धविराम समझौते के अंतर्गत दोनों देशों के सैन्य कमांडर तनाव कम करने के लिए कल वार्ता करेंगे। कंबोडिया चार अगस्त को सीमा समिति की बैठक करेगा। मलेशिया, कंबोडिया और थाईलैंड के विदेश और रक्षा मंत्री युद्धविराम लागू करने और उसकी निगरानी के लिए विस्तृत व्यवस्था तैयार करेंगे।