ऑपरेशन सिंदूर के प्रति जागरूकता बढाने और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए भाजपा ने आज राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा विजय यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान उत्तर पश्चिम दिल्ली, नजफगढ़ और नई दिल्ली में यात्राएं निकाली गई। सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के केबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम और प्रधानमंत्री मोदी की निर्णय लेने की शक्ति को नमन करने के लिए हजारों लोग इस यात्रा में हमारे साथ शामिल हुए हैं।
वहीं, नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि इस यात्रा में भारत की मातृ शक्ति भारी संख्या में आई हैं। उन्होंने कहा कि सिंदूर केवल श्रृंगार का पर्याय नहीं बल्कि शक्ति का भी पर्याय है।
इसके अतिरिक्त अन्य तिरंगा यात्राओं में उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सिंह सहरावत और दिल्ली के विधायक शिखा रॉय तथा सतीश उपाध्याय भी शामिल थे।