झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर कल शाम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा जहां से मोरहाबादी स्थित उनके सरकारी आवास ले जाया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर उन्हें अंतिम नमन किया। उनके मोरहाबादी स्थित आवास में मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री, वरीय अधिकारी और आमजन ने उन्हें नम आंखों से अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। देर रात तक हजारों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी आवास में उपस्थित रहे।
आज सुबह विधानसभा परिसर में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंत्येष्टि उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में संपन्न होगी। उनके छोटे बेटे और दुमका के विधायक बसंत सोरेन उन्हें मुखाग्नि देंगे। अंतिम संस्कार में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई गणमान्य शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल अस्पताल में दिशोम गुरु के अंतिम दर्शन करने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।