चीन ने आज कहा कि वह अमरीका और रूस के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण वार्ता में शामिल नहीं होगा। चीन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के त्रिपक्षीय वार्ता के आह्वान को खारिज कर दिया। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि असमान परमाणु क्षमताओं के कारण चीन की भागीदारी की उम्मीद करना न तो उचित है और न ही यथार्थवादी। गुओ ने कहा कि सबसे बड़े परमाणु शस्त्रागार वाले देशों को परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए अपनी विशेष और प्राथमिक जिम्मेदारी को ईमानदारी से पूरा करना चाहिए।
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, अमरीका के पास 3,708 परमाणु हथियार और रूस के पास 4,380 हैं। चीन के पास 2023 के 410 परमाणु हथियार बढ़कर अब 500 हो गए हैं। फ्रांस के पास 290 और यूनाइटेड किंगडम के पास 225 परमाणु हथियार हैं।