राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सेतु आयोग को विशेष रूप से हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार करने पर बल दिया है। आज राजभवन देहरादून में सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को सेतु आयोग द्वारा वर्तमान में किए जा रहे क्रियाकलापों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य के विकास के लिए आयोग की प्राथमिकताओं, नवीन योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति से राज्यपाल को अवगत कराया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए सेतु आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोग के उपाध्यक्ष को राज्य की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी दिए। इस दौरान दोनों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर चर्चा भी हुई।