अयोध्या में आज से फिल्मी सितारों से सजी रामलीला शुरू हो गई है। इस रामलीला में बॉलीवुड के 42 से ज्यादा कलाकार भाग ले रहे हैं। रामलीला का मंचन सरयू नदी के किनारे श्रीराम ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस रामलीला में माता सीता की भूमिका मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा निभा रही हैं, वहीं सांसद मनोज तिवारी बाली और सांसद रवि किशन सुग्रीव की भूमिका निभा रहे हैं।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या में फिल्मी हस्तियों की रामलीला हो रही है। इस वर्ष फिल्मी सितारों से सजी रामलीला देखने को लिए दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। इस रामलीला में कई फिल्मी कलाकार अहम किरदारों में नज़र आ रहे हैं। पद्मश्री मालिनी अवस्थी माता शबरी की भूमिका निभा रही हैं तो भगवान शंकर की भूमिका में बिंदु दारा सिंह नज़र आ रहे हैं। रज़ा मुराद को इस रामलीला में केवट की भूमिका में देखा जा सकता है। रामलीला में बीच-बीच में जय श्री राम का उद्घोष वातावरण को भक्तिमय बना रहा है, तन्मय सोनी आकाशवाणी समाचार अयोध्या।